जालंधर की 5 नगर कौंसिलों और 2 नगर पंचायतों के चुनाव को लेकर आज राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म है।
जिले के 99 वार्डों में सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। इस चुनाव में कुल 1,08,067 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और 341 उम्मीदवारों का फैसला करेंगे।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन की ओर से 133 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं, जिनमें लगभग 800 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। हर पोलिंग पार्टी में एक पीआरओ, एक एपीआरओ और तीन पोलिंग ऑफिसर तैनात किए गए हैं। साथ ही 20 प्रतिशत अतिरिक्त स्टाफ रिजर्व में रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
सुरक्षा के सख्त प्रबंध
चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 1200 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। एसएसपी जालंधर (देहाती) हरविंदर सिंह विरक ने कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नकोदर में सबसे ज्यादा मतदाता
नगर कौंसिल नकोदर में सबसे अधिक 27,964 मतदाता हैं। इसके अलावा करतारपुर में 19,736, फिल्लौर में 19,179, आदमपुर में 12,610 और नूरमहल में 11,105 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं नगर पंचायत लोहियां खास में 7,958 और महितपुर में 9,515 मतदाता वोट डालेंगे।
फिल्लौर में मुकाबला सबसे दिलचस्प
उम्मीदवारों की संख्या के हिसाब से फिल्लौर नगर कौंसिल में सबसे कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। यहां 15 वार्डों में 57 उम्मीदवार मैदान में हैं। नकोदर में 55, करतारपुर में 50, आदमपुर में 44 और नूरमहल में 41 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं महितपुर और लोहियां खास की 13-13 वार्डों वाली नगर पंचायतों में 47-47 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।
मतदाताओं से निर्भय होकर वोट डालने की अपील
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने लोगों से बिना किसी डर, दबाव या लालच के मतदान करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है, वे चुनाव आयोग द्वारा मान्य अन्य दस्तावेजों जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड या राशन कार्ड के जरिए भी वोट डाल सकते हैं।
29 मई को आएंगे नतीजे
मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम और चुनाव सामग्री को सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। चुनाव परिणामों की घोषणा 29 मई 2026 को की जाएगी, जिसके बाद नगर कौंसिलों और पंचायतों में नई नेतृत्व टीम का गठन होगा।