रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का फाइनल खेला जा रहा है.
आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच है. ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर 31 मई की शाम खेला जाना है. अब चूंकि मुकाबला फाइनल का है. इस मुकाबले से IPL 2026 के चैंपियन का फैसला होना है. ऐसे में इतने अहम मुकाबले से पहले अहमदाबाद के मौसम का हाल जान लेना जरूरी है. मैच के दौरान कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम? क्या है वहां बारिश की संभावना? सबसे बड़ी बात की बारिश की कंडीशन में क्या हैं IPL के नियम? IPL 2026 के पूरे सफर में अब तक सिर्फ एक मुकाबला ही बारिश के चलते रद्द हुआ है. वो मुकाबला कोलकाता में था. लेकिन, अहमदाबाद में अगर मौसम की मार फाइनल पर पड़ी और मैच रद्द हुआ तो फिर कैसे होगा चैंपियन टीम का फैसला?
बारिश की सूरत में ओवर में हो सकती है कटौती
फाइनल में बारिश की सूरत में IPL के 3 नियम हैं, जिसकी तर्ज पर चैंपियन टीम का फैसला होता दिखेगा. पहला नियम, ओवर में कटौती से जुड़ा है. अगर बारिश के चलते मैच में खलल पड़ता है तो उस सूरत में ओवर में कटौती कर उसे पूरा कराए जाने की कोशिश की जाती है. इस कंडीशन में दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर खेलने जरूरी होते हैं.
क्या 1098 दिन बाद होगा ऐसा?
दूसरा और सबसे अहम नियम ये है कि मैच वाले दिन बारिश के चलते मैच रद्द हो जाता है तो फिर वो रिजर्व डे में जाता है. जहां दोनों टीमों को फिर से 120-120 मिनट का समय मिलता है, 1098 दिन पहले खेले IPL 2023 के फाइनल में ऐसा ही हुआ था, जहां 28 मई को फाइनल मैच बारिश में धुलने के चलते उसे 29 मई को रिजर्व डे पर कराया गया था.
रिजर्व डे पर भी मैच हुआ रद्द तो…
तीसरा नियम कहता है कि अगर रिजर्व डे वाले दिन भी बारिश होती है और फाइनल नहीं हो पाता है तो जो टीम लीग स्टेज के बाद आईपीएल 2026 के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर होगी वही चैंपियन बन जाएगी. इसका मतलब ये है कि अगर रिजर्व डे वाले दिन भी मैच पूरा नहीं हो सका तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल 2026 की ट्रॉफी को जीत जाएगी और वो लगातार दूसरी बार चैंपियन बनेगी.
कैसा है फाइनल वाले दिन अहमदाबाद का मौसम?
अब सवाल है कि अहमदाबाद का मौसम फाइनल वाले दिन कैसा है? क्या वाकई बारिश के आसार हैं? मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट एक्यूवेदर डॉट कॉम के मुताबिक जवाब है नहीं. फाइनल मैच पर बारिश का कोई साया नहीं दिख रहा. एक्यूवेदर डॉट कॉम के मुताबिक अहमदाबाद में पूरे दिन मौसम साफ बता रहा है. यानी, RCB और GT फैंस के लिए खुशी की बात है.
अहमदाबाद में बारिश होने पर…
फिर भी मौसम का मिजाज है, जानें कब बदल जाए? अगर बदला और अहमदाबाद में बारिश हुई फिर भी ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा, वो इसलिए क्योंकि नरेंद्र मोदी स्टेडियम की सुविधाएं काफी अच्छी हैं. यहां का ड्रेनेज सिस्टम कमाल है. बारिश रुकने के 20 मिनट के बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आसानी से मैच शुरू हो सकता है. तो फिर तैयार हो जाइए ये जानने के लिए कि कौन बनने जा रहा है दूसरी बार IPL का चैंपियन- RCB या गुजरात टाइटंस.