Tuesday, July 21, 2026
spot_imgspot_imgspot_img

Chandigarh में गहराया गैस का संकट, होटल-रेस्टोरेंट के पास बचा 72 घंटे का स्टॉक

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान के साथ युद्ध जैसे हालात का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है।

अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति शृंखला प्रभावित होने के कारण चंडीगढ़ में कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई पर असर पड़ा है। गैस प्लांट से सीमित मात्रा में सिलिंडर आने की वजह से शहर के होटल, रेस्टोरेंट और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों में चिंता बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि उनके पास फिलहाल केवल करीब 72 घंटे का ही गैस स्टॉक बचा है। अगर जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो कई होटलों और रेस्टोरेंट को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है।
शहर की गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। नयागांव और चंडीगढ़ के अन्य इलाकों में लोग सुबह छह बजे से ही सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लग रहे हैं। गैस एजेंसियों का कहना है कि नई खेप आने पर ही सीमित संख्या में सिलिंडर दिए जा रहे हैं। कई एजेंसियों ने बताया कि प्लांट से कॉमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई समय पर नहीं पहुंच रही है, जिससे होटल और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक गैस पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। गैस की कमी को देखते हुए कई होटल और रेस्टोरेंट मालिकों ने एहतियात के तौर पर पार्टी और बड़े आयोजनों की नई बुकिंग लेना भी बंद कर दिया है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) से जुड़े एक प्रतिनिधि ने बताया कि फिलहाल कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई को लेकर कोई स्पष्ट स्थिति नहीं है, जितनी सप्लाई उपलब्ध हो रही है, उतनी ही आगे वितरित की जा रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आपातकालीन सेवाओं में इस्तेमाल होने वाली गैस की सप्लाई में कमी नहीं आने दी जाएगी।
चंडीगढ़ में 10 मार्च 2026 तक गैस की कीमतों की बात करें तो घरेलू एलपीजी सिलिंडर (14.2 किलो) की कीमत लगभग 862.50 रुपये है, जबकि 19 किलो के कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमत करीब 1904.50 रुपये बताई जा रही है।
नयागांव की एक गैस एजेंसी की मालिक लिली बावा ने बताया कि उनके पास कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई आना लगभग बंद हो गई है। इसी कारण वे आगे ग्राहकों को सिलिंडर उपलब्ध नहीं कर पा रही हैं। वहीं सिंधी स्वीट्स के मालिक नीरज बजाज ने कहा कि उनके पास फिलहाल करीब तीन दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। अगर जल्द ही सप्लाई बहाल नहीं हुई तो उनके साथ-साथ अन्य होटल और रेस्टोरेंट मालिकों के लिए भी मुश्किल खड़ी हो सकती है। इस समस्या को लेकर उन्हें कई होटल और रेस्टोरेंट मालिकों के फोन भी आ चुके हैं।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन चंडीगढ़ के प्रेसीडेंट अरविंदर पाल सिंह ने कहा कि कई होटलों के पास सिर्फ दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि यह स्टॉक कितने दिन चलेगा। अगर दो दिन के भीतर सप्लाई ठीक नहीं हुई तो शहर की होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री गंभीर संकट में आ सकती है।
वहीं मॉब रेस्टोरेंट के नीरज खरब का कहना है कि फिलहाल उनके पास पर्याप्त सिलिंडर मौजूद हैं और अभी कोई बड़ी दिक्कत नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अगर सप्लाई में लंबे समय तक रुकावट रही तो आने वाले दिनों में समस्या बढ़ सकती है।
इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने बताया कि गैस की कमी की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेने के लिए टीमों को मैदान में भेजा है। साथ ही गैस एजेंसियों के मालिकों की एक बैठक भी बुलाई गई है। इस बैठक के बाद चंडीगढ़ में गैस सप्लाई को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
गैस की कमी की आशंका के कारण शहर में इंडक्शन चूल्हों की मांग भी अचानक बढ़ गई है। सेक्टर-18 समेत कई बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री तेजी से बढ़ने लगी है। लोग एहतियात के तौर पर इसे खरीद रहे हैं ताकि अगर गैस खत्म हो जाए तो खाना बनाने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था मौजूद रहे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Punjab News