Punjabपंजाब

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने पंजाब के इन टोल प्लाजो को किया पब्लिक के लिए मुफ़्त

फिरोजपुर : किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी ने फिरोजपुर-लुधियाना हाईवे फिरोजशाह पर टोल प्लाजा और मक्खू-मोगा रोड पर पीर मुहम्मद टोल प्लाजा को जनता के लिए फ्री कर दिया है। किसानों ने पूरे पंजाब में टोल प्लाजा और अलग-अलग जगहों पर धरना दिया है। किसान केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

आपको बता दें कि किसानों के 16 गुट चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन के लिए मार्च कर रहे हैं। इससे पहले पंजाब में अलग-अलग जगहों से किसान संगठनों के नेताओं को गिरफ्तार किया गया। इसके विरोध में सोमवार को लोंगोवाल में प्रदर्शनकारी किसानों पर लाठीचार्ज किया गया।

इसी बीच ट्रॉली के नीचे आने से एक किसान की मौत हो गई। इससे किसानों का गुस्सा बढ़ गया और किसानों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसान केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

वहीं, संगरूर के लोंगोवाल में आज किसान बड़ी संख्या में जुट रहे हैं। यहां कल एक किसान की ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस और किसानों के बीच हुई झड़प में कई किसान घायल हो गए। आज चंडीगढ़ में किसानों का धरना है। लोंगोवाल में भी किसान पहुंच रहे हैं।

दरअसल, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के 16 किसान संगठनों के किसान बाढ़ से हुए नुकसान के मुआवजे के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर 17 के परेड ग्राउंड में जोरदार मोर्चा लगाने की तैयारी में हैं। हालांकि, पुलिस ने उन्हें चंडीगढ़ में प्रवेश करने से रोकने के लिए युद्ध जैसी तैयारी की है।