वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पंजाब की राजनीति में एक बड़ा बदलाव हुआ है। बरनाला जिले के गांव टल्लेवाल से संबंध रखने वाले वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह के चहेते है केवल सिंह ढिल्लों। वर्ष 2007 में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केवल ढ़िल्लों के कहने पर बरनाला को जिला बनाया था तो कांग्रेस टिकट पर वह 2007 और 2012 में बरनाला से विधायक चुने गए थे। 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।
वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान भी रह चुके हैं और मालवा क्षेत्र में कांग्रेस का बड़ा चेहरा माने जाते थे। हालांकि 2017 विधानसभा चुनाव और 2019 के संगरूर लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया
इसके बाद जून 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार भी बनाया था। फिलहाल वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे।
मालवा क्षेत्र की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले ढिल्लों संगठन और अनुभव दोनों के आधार पर लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। अपनी सरल कार्यशैली, जमीनी जुड़ाव और जनता के बीच मजबूत पहचान के कारण उन्होंने अलग स्थान बनाया।
बरनाला से दो बार कांग्रेस के विधायक रह चुके ढिल्लों ने हमेशा क्षेत्र के विकास और किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता दी। राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन जनता के साथ उनका संबंध लगातार मजबूत बना रहा।
भाजपा द्वारा उन्हें पंजाब की कमान सौंपना पार्टी की बड़ी रणनीति माना जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा पंजाब में संगठन को मजबूत करने और सिख समुदाय के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है। ऐसे समय में केवल सिंह ढिल्लों जैसे अनुभवी नेता को आगे लाना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









































